Sadqa Kya Hai? सदक़ा देने का सही तरीक़ा (Complete Guide)

अगर कोई ये समझता है कि इस्लाम सिर्फ़ ख़ुदा की इबादत (नमाज़, रोज़ा) पर ही ज़ोर देता है, और इसके यहाँ बन्दों की ख़िदमत की कोई जगह नहीं, तो वो बिलकुल ग़लत सोच रहा है, क्यूंकि इस्लाम में एक तरफ़ जहाँ अल्लाह के हुक़ूक़ बताये गए हैं वहीँ दूसरी तरफ़ बन्दों के हुक़ूक़ भी बताये गए हैं और यहाँ सिर्फ़ इबादत ही ईमान का हिस्सा नहीं है, बल्कि इंसानियत की ख़िदमत और हमदर्दी भी ईमान का ज़रूरी हिस्सा है।

इसीलिए इस हमदर्दी और ख़िदमत के लिए “सदक़ा” (Charity) का हुक्म दिया गया है। लेकिन अक़्सर लोग इस ग़लतफ़हमी में हैं कि सदक़ा तो सिर्फ़ ग़रीब को पैसे देने का नाम है, हालाँकि ऐसा नहीं है, इस्लाम में सदके का मफ़हूम (Meaning) बहुत वसी (Vast) है।

तो अगर आप जानना चाहते हैं कि सदक़ा क्या है, (Sadqa Kya hai?) इसकी कितनी क़िस्में (Types) हैं, और क़ुरान व हदीस में इसकी क्या फ़ज़ीलत बताई गई है, तो यह पोस्ट आपके लिए एक मुकम्मल गाइड का काम करेगी।

लफ़्ज़ “सदक़ा” अरबी शब्द है, जिसका मतलब होता है “सच्चाई” लेकिन इस्लामिक term में, सदक़ा कहते हैं उस माल या अमल को, जो इंसान अल्लाह की रज़ा हासिल करने के लिए, बिना किसी लालच या दिखावे के, ज़रूरतमंदों पर ख़र्च करता है। और इसे ‘सदक़ा’ इसलिए कहा जाता है क्योंकि यह बंदे के ईमान की सच्चाई की दलील होता है।

Sadqa Kya Hai?

अल्लाह तआला ने क़ुरान मजीद में बार-बार सदक़ा और ख़ैरात करने का हुक्म दिया है। और बताया है कि सदक़ा अल्लाह के ग़ज़ब को ठंडा करता है और माल में बरकत लाता है।

1. माल में 700 गुना इज़ाफ़ा:

सूरह अल-बक़रह (आयत 261) में अल्लाह इरशाद फ़रमाता है:

"जो लोग अपना माल अल्लाह की राह में ख़र्च करते हैं, उनकी मिसाल उस दाने (Seed) जैसी है 
जिससे सात बालियाँ (Ears of corn) निकलें और हर बाली में सौ दाने हों। और अल्लाह जिसे चाहता है
(सवाब में) दुगना इज़ाफ़ा करता है।"

2. मौत के वक़्त सिर्फ़ सदक़े की तमन्ना:

सूरह अल-मुनाफ़िक़ून (आयत 10) में इरशाद है:

"और जो कुछ हमने तुम्हें दिया है उसमें से ख़र्च करो, इससे पहले कि तुम में से किसी की मौत आ जाए, 
फिर वह कहे: ऐ मेरे रब! तूने मुझे थोड़ी मुद्दत की मोहलत क्यों न दी ताकि मैं सदक़ा करता और नेक
लोगों में शामिल हो जाता।"

यह आयत हमें झिंझोड़ती है कि मौत के वक़्त इंसान नमाज़ या रोज़े की नहीं, बल्कि सदक़ा करने की मोहलत मांगेगा, क्योंकि वह उस वक़्त सदक़े का अज़ीम सवाब देख रहा होगा।

हमारे नबी हज़रत मुहम्मद (ﷺ) ने सदक़े की बेशुमार फ़ज़ीलतें बयान की हैं। उनमें से यहाँ कुछ मशहूर अहादीस आप भी पढ़ लीजिये:

1. सदक़ा बुरी मौत और मुसीबत को रोकता है

रसूल अल्लाह (ﷺ) ने फ़रमाया:

"बेशक सदक़ा रब के ग़ज़ब (गुस्से) को ठंडा करता है और बुरी मौत को दूर करता है।" 
(सुनन तिरमिज़ी)

2. माल में कमी नहीं होती

हदीस है कि नबी (ﷺ) ने फ़रमाया:

"सदक़ा करने से माल में हरगिज़ कमी नहीं होती।" 

(सहीह मुस्लिम)

ज़ाहिरी तौर पर पैसे कम हो सकते हैं, लेकिन अल्लाह उसमें ऐसी बरकत डालता है कि थोड़ा माल भी ज़्यादा फ़ायदा देता है।

3. गुनाहों का कफ़्फ़ारा

जैसे पानी आग को बुझा देता है, वैसा ही सदक़ा गुनाहों को मिटा देता है।

"सदक़ा गुनाहों को इस तरह ख़त्म कर देता है जैसे पानी आग को बुझा देता है।" 

(तिरमिज़ी)

4. हर अच्छा काम सदक़ा है

नबी (ﷺ) ने फ़रमाया:

"तुम्हारा अपने भाई के सामने मुस्कुराना सदक़ा है, किसी को अच्छी बात का हुक्म देना और बुराई से 
रोकना सदक़ा है, रास्ते से पत्थर या काँटा हटाना सदक़ा है।"

(तिरमिज़ी)

5. बलाओं को टालना

रसूल अल्लाह (ﷺ) ने फ़रमाया:

"बेशक सदक़ा रब के ग़ज़ब (गुस्से) को ठंडा करता है और बुरी मौत को दूर करता है।"

(सुनन तिरमिज़ी)
Sadqa Kya Hai?
हज़रत आयशा (रज़ियल लाहु अन्हा) के घर एक बार एक बकरी ज़बह की गई। 

तो नबी (ﷺ) ने पूछा, "कितनी बची है?"

हज़रत आयशा ने कहा, "सिर्फ़ एक दस्त (Shoulder) का हिस्सा बचा है, बाक़ी सब सदक़ा (बांट) कर दिया।"

इस पर नबी (ﷺ) ने बहुत प्यारा जवाब दिया:"नहीं आयशा! (हक़ीक़त में) वह सब बच गया है जो तुमने बांट दिया, सिर्फ़

यह दस्त का टुकड़ा ख़र्च (ख़त्म) होगा जो हम खा लेंगे।"

(सबक़: जो हम अल्लाह की राह में देते हैं, वही हमारा असल बैंक बैलेंस है जो आख़िरत में मिलेगा।)

इस्लाम में सदक़े को तीन हिस्सों में बाँटा जा सकता है।

सदक़ा-ए-वाजिब
(Compulsory Charity)
सदक़ा-ए-नफ़्ल
(Voluntary Charity)
सदक़ा-ए-जारिया
(Continuous Charity)
यह वह सदक़ा है जो देना ज़रूरी होता हैइसको ज़कात कहते हैं|यह सबसे आम क़िस्म है। इसकी कोई फ़िक्स रक़म नहीं है।यह सबसे आला (बेहतरीन) क़िस्म का सदक़ा है।
ज़कात: माल-ए-निसाब पर साल में 2.5% देना।
सदक़ा-ए-फ़ित्र (फ़ितरा): ईद-उल-फ़ित्र की नमाज़ से पहले ग़रीबों को देना।
मस्जिद या मदरसे में चंदा देना।
रास्ते से तकलीफ़देह चीज़ हटाना।
किसी भूखे को खाना खिलाना।
इसका सवाब इंसान को मरने के बाद भी क़ब्र में मिलता रहता है जब तक वह चीज़ क़ायम रहती है।

सदक़ा-ए-जारिया के कुछ पुराने और नए तरीक़े:

  • पानी: कुआँ खुदवाना या किसी सार्वजनिक जगह पर Water Cooler लगवाना।
  • इल्म: दीनी किताबें लिखना जिनको लोग पढ़ते रहें या दीनी किताबे बांटना या Digital Islamic Content बनाना जिससे लोग दीन सीखें।
  • सेहत: किसी ग़रीब को Wheelchair लेकर देना या अस्पताल में दवाइयों का इंतज़ाम करना।
  • मस्जिद/मदरसा: तामीर में ईंट या पंखा लगवाना|

सदक़ा देने के कुछ आदाब (Etiquettes) हैं, जिन्हें अपनाना ज़रूरी है ताकि अल्लाह के यहाँ वह क़बूल हो।

  1. ख़ालिस नीयत (Intention): सबसे पहले नियत साफ़ होनी चाहिए कि यह सिर्फ़ अल्लाह की रज़ा के लिए है, न कि लोगों में वाह-वाह करवाने के लिए (रियाकारी)।
  2. हलाल माल: अल्लाह पाक है और सिर्फ़ पाक चीज़ ही क़बूल करता है। इसलिए हराम कमाई से दिया गया सदक़ा क़बूल नहीं होता।
  3. छुपा कर देना: सदक़ा अगर छुपा कर दिया जाए तो अफ़ज़ल (Better) है ताकि लेने वाले की इज़्ज़त-ए-नफ़्स (Self-respect) मजरूह न हो।इसके बारे में मशहूर है कि
"सदक़ा दायें हाथ से इस तरह दो कि बायें हाथ को भी ख़बर न हो।"
  1. एहसान न जताना: देने के बाद कभी भी लेने वाले पर एहसान न जताएं, वरना सदक़ा बर्बाद हो जाता है (सूरह बक़रह: 264)।
  2. सबसे क़रीबी लोगों से शुरुआत: सदक़ा देने का सबसे पहला हक़ आपके ग़रीब रिश्तेदारों का है। फिर पड़ोसी, और फिर आम ग़रीब।

सदक़ा देते वक़्त की दुआ (Dua for Giving Charity)

जब भी आप सदक़ा दें, तो दिल में यह दुआ करें जो हज़रत इब्राहिम (अ.स.) ने काबा तामीर करते वक़्त मांगी थी:

رَبَّنَا تَقَبَّلْ مِنَّا ۖ إِنَّكَ أَنْتَ السَّمِيعُ الْعَلِيمُ

"रब्बना तक़ब्बल मिन्ना, इन्नका अन्तस समीउल अलीम"

(तर्जुमा: ऐ हमारे रब! हमारी यह कोशिश क़बूल फ़रमा, बेशक तू ही सब कुछ सुनने वाला और जानने वाला है।)

दुनिया और आख़िरत दोनों में सदक़ा के हैरान करने वाले फ़ायदे हैं:

  • बीमारियों का इलाज: हदीस में आता है, “अपने बीमारों का इलाज सदक़े के ज़रिए करो।”
  • क़यामत के दिन साया: क़यामत की धूप में जब कोई साया नहीं होगा, तब सदक़ा करने वाले को उसके सदक़े का साया मिलेगा।
  • दिली सुकून: दूसरों की मदद करने से जो रूहानी ख़ुशी और सुकून मिलता है, वह किसी और चीज़ में नहीं।
  • रिज़्क़ में कुशादगी: अल्लाह देने वाले के हाथ को पसंद करता है और उसके रिज़्क़ के दरवाज़े खोल देता है।

Q: क्या ग़ैर-मुस्लिम (Non-Muslims) को सदक़ा दिया जा सकता है?

A: जी हाँ, ‘सदक़ा-ए-नफ़्ल’ किसी को कभी भी दिया जा सकता है और इंसानियत के नाते किसी भी धर्म के ज़रूरतमंद की मदद जा सकती है। लेकिन हाँ, ‘ज़कात’ सिर्फ़ मुसलमानों को ही दी जा सकती है।

Q: कम से कम कितना सदक़ा देना चाहिए?

A: इसकी कोई हद नहीं है, हदीस के मुताबिक़, खजूर का एक टुकड़ा भी आग से बचा सकता है। अपनी हैसियत के मुताबिक़ दें, लेकिन जितना भी दें इख़लास और (Sincerity) के साथ दें।

Q: क्या पुराने कपड़े देना सदक़ा है?

A: जी हाँ, अगर वो कपड़े पहनने के लायक़ हैं और किसी ज़रूरतमंद के काम आ सकते हैं, तो यह भी सदक़ा है।

Q: क्या सदक़ा सिर्फ़ पैसे से होता है?

A: जी नहीं, किसी की जिस्मानी मदद करना, अच्छी बात कहना, इल्म सिखाना, रास्ते से पत्थर हटाना यहाँ तक कि अपने भाई को देख कर मुस्कुराना भी सदक़ा है। क्यूंकि नबी-ए-करीम (ﷺ) ने फ़रमाया: “तुम्हारा अपने भाई के सामने मुस्कुराना भी सदक़ा है।”

सदक़ा एक ऐसा मुक़द्दस अमल है, जो हमारी दुनिया को भी सँवारता है और आख़िरत को भी। यह हमारे माल को पाक करता है, बलाओं को टालता है और अल्लाह की रहमत को आवाज़ देता है।

तो अज़ीज़ दोस्तों! आज के इस दौर में जहाँ हर कोई दौलत जमा करने में लगा है, हमें चाहिए कि अपनी आख़िरत के लिए भी कुछ जमा करें। याद रखें, “कफ़न में जेब नहीं होती और क़ब्र में ATM कार्ड नहीं चलता,” वहाँ सिर्फ़ आपके दिए हुए सदक़ा और नेक आमाल ही काम आएंगे।

तो आज ही नीयत करें! चाहे 10 रुपये हों या किसी प्यासे को पानी पिलाना, आज का दिन ख़ाली न जाने दें।

अगर आप आज सदक़ा करना चाहते हैं, तो ज़रूरी नहीं कि बड़ी रक़म हो। क्या आप आज किसी परिंदे (Bird) को पानी पिला सकते हैं या किसी भूखे को खाना खिला सकते हैं? शुरुआत आज से ही करें!

(अगर आपको यह जानकारी पसंद आई हो तो इसे अपने दोस्तों और फैमिली के साथ शेयर करें, क्योंकि “अच्छाई की तरफ़ बुलाना भी सदक़ा है।” बल्कि ‘सदक़ा-ए-जारिया’ है |

ऐसी ही जानकारियों के लिए इस लिन्क पर जाएँ

Leave a Comment